प्रतापगढ़: सेवा संकल्प अभियान के मेले का समापन, महिलाओं की रंगोली ने खींचा लोगों का ध्यान
संवाददाता सुमित मिश्रा | बाबागंज, प्रतापगढ़
बाबागंज। सेवा संकल्प अभियान के तहत बाबागंज विकासखंड परिसर में 23 सितंबर से चल रहे बहुउद्देशीय सेवा शिविर एवं मेले का बुधवार को समापन हो गया। एक सप्ताह तक चले आयोजन में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल और प्रदर्शनी लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
मेले में स्वास्थ्य, खाद्य एवं रसद, कृषि, आंगनबाड़ी और पुष्टाहार समेत कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागीय कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, उद्देश्य और लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन गौतम ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिलती है। इससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत होती है।
रंगोली ने खींचा आकर्षण
मेले के समापन अवसर पर स्वयं सहायता समूह और एनआरएलएम से जुड़ी महिलाओं ने आकर्षक रंगोली तैयार की। रंग-बिरंगे रंगों से बनाई गई रंगोली ने मेले में पहुंचे लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। महिलाओं ने अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से अभियान के उद्देश्य को भी रंगोली के जरिए प्रदर्शित किया। रंगोली के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही और महिलाओं के प्रयास की सराहना की गई।
कार्यक्रम में बीडीओ मिर्जा इरफान बेग, एडीओ पंचायत केवला प्रसाद, प्रभारी एडीओ आरडी संजय चंद्रा, मंडल अध्यक्ष मनोज पटेल, सचिव संदीप कुमार, सुनील कुमार, एडीओ कृषि जेपी निषाद, भूपेंद्र प्रताप, स्वयं सहायता समूह की अंजली सरोज, शगुन, उर्वशी शुक्ला, पंचायत सहायक प्रतिमा कोरी, ममता मौर्य, पूनम यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।












