महेंद्र यादव को सपा जिला महासचिव पद से किया गया कार्यमुक्त, पत्र वायरल होने के बाद बदले सियासी समीकरण

महेंद्र यादव को सपा जिला महासचिव पद से किया गया कार्यमुक्त, पत्र वायरल होने के बाद बदले सियासी समीकरण

संवाददाता — निशांत त्रिपाठी

सीतापुर। समाजवादी पार्टी ने महेंद्र यादव को पार्टी के जिला महासचिव पद से कार्यमुक्त कर दिया है। हाल ही में जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने वाले शमीम कौसर सिद्दीकी ने ही महेंद्र यादव को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। नियुक्ति के बाद पार्टी के भीतर उठे सवालों और पूर्व विधायक राधेश्याम जायसवाल द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजे गए पत्र के सामने आने के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
महेंद्र यादव को जिला महासचिव बनाए जाने के बाद उनके पुराने राजनीतिक रुख को लेकर पार्टी के अंदर ही चर्चा शुरू हो गई थी। पूर्व विधायक राधेश्याम जायसवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजे पत्र में महेंद्र यादव को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए थे। पत्र में आरोप लगाया गया था कि पूर्व के चुनावों के दौरान महेंद्र यादव ने समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के पक्ष में काम करने के बजाय उनका विरोध किया था। पत्र में उनके कथित राजनीतिक रुख और चुनावी गतिविधियों का भी उल्लेख किया गया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पत्र
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक का पत्र सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पार्टी के भीतर चल रही खींचतान खुलकर चर्चा में आ गई। संगठन में नई जिम्मेदारी को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। इसके बाद पार्टी नेतृत्व की ओर से महेंद्र यादव को जिला महासचिव पद से कार्यमुक्त करने का फैसला लिया गया।
महेंद्र यादव को पद से हटाए जाने के बाद सीतापुर में समाजवादी पार्टी के संगठनात्मक और राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में पार्टी संगठन में आगे क्या बदलाव होते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें