एटा में यातायात माह का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकाल पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति लोगों को किया जागरूक, नियमों का पालन करने की अपील
जिला संवादाता काव्यांश रावत एटा। जनपद एटा में रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ जागरूकता रैली के साथ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं एएसपी अपराध सच्चिदानन्द ने पुलिस कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली में पुलिसकर्मियों, एनसीसी कैडेट्स और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जागरूकता रैली पुलिस कार्यालय से शुरू होकर ऋषि मार्केट, माया पैलेस, कचहरी तिराहा और आगरा चुंगी होते हुए पुलिस लाइन पहुंची।
इस दौरान लोगों को हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन न देने तथा वाहन चलाते समय नशे से दूर रहने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात माह का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और अनमोल जिंदगियों को सुरक्षित बचाया जा सकता है।












