मथुरा में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, 285 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

मथुरा में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, 285 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल व श्रवण यंत्र किए वितरित; प्रभारी जनपद न्यायाधीश ने किया शुभारंभ

रिपोर्ट: जय भगवान बघेल मथुरा, उत्तर प्रदेश।

मथुरा के पांचजन्य प्रेक्षागृह, डैम्पियर नगर में रविवार को मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कुल 285 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जनपद न्यायाधीश अजय पाल सिंह ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र और पात्रों को आवास की चाबियां वितरित

शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को लाभ उपलब्ध कराया गया। इस दौरान आपदा प्रभावित व्यक्तियों, आयुष्मान कार्ड एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के पात्रों को लाभान्वित किया गया। वहीं, पात्र लोगों को आवास की चाबियां, दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और श्रवण यंत्र वितरित किए गए।

इसके अलावा स्वयं सहायता समूह की उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहन स्वरूप सहायता एवं उपकरण दिए गए। बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। कन्या सुमंगला योजना, पीएम स्वनिधि, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, श्रम कार्ड सहित अन्य योजनाओं के तहत भी लाभ प्रदान किया गया। प्रशिक्षित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

बंदियों के उत्पादों का भी लगा स्टॉल

शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिला कारागार मथुरा की ओर से बंदियों द्वारा निर्मित पोशाक, धोती, गमछा और हर्बल गुलाल सहित अन्य उत्पादों का स्टॉल भी लगाया गया। प्रभारी जनपद न्यायाधीश अजय पाल सिंह ने न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर प्रभारी जनपद न्यायाधीश अजय पाल सिंह ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने लोगों से ऐसे शिविरों में भाग लेकर निःशुल्क विधिक सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने कहा कि प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों और न्याय से वंचित न रहे। विशेष रूप से गरीब, कमजोर वर्ग, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और श्रमिकों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में अपर जिला जज डॉ. पल्लवी अग्रवाल सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, चिकित्सक, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राहुल अग्रवाल ने किया।

 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें