ग्राम दौलतपुर में जमीन कब्जे का विवाद: महिला ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की न्याय की गुहार
संवाददाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव की एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी जमीन पर गांव के ही योगेंद्र सिंह ने जबरन कब्जा कर लिया है। कई बार मना करने और शिकायत करने के बावजूद जमीन खाली नहीं की जा रही है। पीड़ित महिला का कहना है कि उसने अपने परिवार के साथ कई बार थाना किशनी में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थक हारकर महिला गुरुवार को अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची और ज्ञापन सौंपकर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। महिला ने बताया कि आरोपित द्वारा कब्जा किए जाने के कारण वह अपनी ही जमीन पर खेती नहीं कर पा रही है, जिससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उसने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द उसकी जमीन उसे वापस दिलाई जाए और दोषी व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
सूत्रों के अनुसार, एसपी कार्यालय से मामले की जांच के आदेश जारी किए जाने की संभावना है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












