प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को नशामुक्ति व रक्तदान की दिलाई शपथ नशे से दूरी और रक्तदान से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव: रैडक्रास
जिला क्राइम रिपोर्टर: सागर गोयल
पानीपत, हरियाणा | 26 दिसंबर
उपायुक्त एवं प्रधान जिला रेडक्रास सोसायटी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया के कुशल मार्गदर्शन, उपाध्यक्ष अंकुश मिंगलानी तथा नवनियुक्त महासचिव महेश जोशी के निर्देशानुसार रेडक्रास भवन, पानीपत में प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 300 प्रशिक्षुओं को नशे से दूर रहने और रक्तदान के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व रेडक्रास सचिव गौरव राम करण ने किया। इस अवसर पर सचिव गौरव राम करण ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो ही एक स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन पोर्टल IRCSFA.org पर प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकता है। कार्यक्रम के दौरान रेडक्रास जिला प्रशिक्षण अधिकारी एवं डीटीओ हरमेश चंद ने युवाओं को नशीली वस्तुओं के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धूम्रपान, शराब, ड्रग्स एवं इंजेक्शन से लिए जाने वाले नशीले पदार्थ न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करते हैं। नशे की लत व्यक्ति को समाज से अलग-थलग कर देती है। डीटीओ हरमेश चंद ने कहा कि यदि नशा करने वाला व्यक्ति दृढ़ संकल्प ले ले, तो नशे से मुक्ति पाना संभव है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि नशे के आदी लोगों को तिरस्कार की दृष्टि से न देखकर उन्हें जागरूक कर समाज की मुख्य धारा से जोड़ें। साथ ही उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति वर्ष में चार बार रक्तदान कर कई जरूरतमंदों की जान बचा सकता है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को नशा न करने, नशे के आदी लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने तथा नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर प्रवक्ता कला भारद्वाज, प्रदीप, मनोज, मुकेश सहित रेडक्रास सोसायटी के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।












