लिफ्ट देने के बहाने महिला से लूट: बाइक सवार बदमाश 10 हजार व कुंडल लेकर फरार पुलिस ने तहरीर के आधार पर दर्ज किया मुकदमा,जांच शुरू
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर फर्रुखाबाद
राजेपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला को लिफ्ट देने के बहाने लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश महिला को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले गए और नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम देहिलिया निवासी सत्येन्द्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी माता रामदुलारी फतेहगढ़ में एक घर पर सफाई का कार्य करती हैं। 23 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 9 बजे वह काम खत्म कर वापस घर लौट रही थीं। बताया गया कि जमापुर में वाहन न मिलने के कारण वह पैदल ही घर की ओर चल दीं। रास्ते में एक मोटर साइकिल पर सवार दो युवक मिले, जिन्हें रोककर उन्होंने लिफ्ट ले ली। आरोप है कि कुछ दूरी जाने के बाद बदमाशों ने वदनपुर के पास एक स्कूल के निकट बाइक खराब होने का बहाना बनाकर महिला को उतार लिया। इसके बाद बदमाशों ने महिला को बहकाकर 10 हजार रुपये नकद और कान के कुंडल लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना से क्षेत्र में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास जांच-पड़ताल की जा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।












