विश्व मलेरिया दिवस पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मलेरिया रोकथाम की शपथ दिलाई गई
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा


गौतमबुद्धनगर 25 अप्रैल, 2026 मुख्य चिकित्सा अधिकारी गौतमबुद्धनगर ने बताया कि जनपद में इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस की थीम डब्ल्यूएचओ द्वारा निर्धारित “Driven to End Malaria: Now We Can, Now We Must” (“मलेरिया को समाप्त करने का दृढ़ संकल्प: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा”) के अनुरूप जनपद में मलेरिया उन्मूलन हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मलेरिया रोकथाम की शपथ दिलाई गई। साथ ही सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जेवर, दादरी, बिसरख एवं दनकौर पर रैलियां निकालकर आमजन को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। जनपद के विभिन्न ग्रामों जैसे दादरी, आनन्दपुर, डाढा एवं बिसरख में गोष्ठियों का आयोजन कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इसके अतिरिक्त सेक्टर-16 स्थित झुग्गी क्षेत्र में मलेरिया कैम्प का आयोजन किया गया, जिसमें संदिग्ध मलेरिया ज्वर रोगियों की कुल 13 जांच की गई, जिनमें कोई भी मलेरिया धनात्मक केस नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि श्याम सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, ग्राम सर्फाबाद में लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन कर छात्राओं को हैंडबिल एवं बैनर के माध्यम से जागरूक किया गया तथा मलेरिया रोकथाम की शपथ दिलाई गई। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य केन्द्रों पर कुल 72 ज्वर रोगियों की जांच की गई, जिनमें कोई भी मलेरिया पॉजिटिव केस नहीं पाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मलेरिया विभाग एवं नोएडा प्राधिकरण की संयुक्त टीम द्वारा सेक्टर-16 स्थित झुग्गी क्षेत्र में रुके हुए पानी में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया गया तथा 89 घरों का सर्वे किया गया। इस दौरान कूलर, फ्रिज के पीछे की ट्रे, गमलों के नीचे की ट्रे एवं पक्षियों के पीने के बर्तनों में जमा पानी की जांच कर उसे खाली कराया गया तथा मलेरिया से बचाव के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा जनपद के सभी विद्यालयों में पोस्टर एवं चलचित्र के माध्यम से छात्रों को मलेरिया के प्रति जागरूक किया गया एवं बताया गया कि मलेरिया मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलने वाला रोग है, जो रुके हुए साफ पानी में पनपता है। इसके प्रमुख लक्षणों में ठंड लगकर बुखार आना, सिरदर्द, पेटदर्द एवं उल्टी शामिल हैं। जिला मलेरिया अधिकारी ने यह भी बताया कि वर्ष 2026 में अप्रैल माह तक जनपद में कुल 39,959 मलेरिया जांचें की गई हैं, जिनमें मलेरिया पॉजिटिव केस नहीं पाया गया है। उन्होंने बताया कि मलेरिया से बचाव के लिए आवश्यक है कि अपने घरों के आसपास जल जमाव न होने दें। प्रत्येक रविवार को कूलर, फ्रिज की ट्रे, गमलों के नीचे की ट्रे एवं पक्षियों के बर्तनों में जमा पानी को खाली कर सुखाने के बाद ही पुनः उपयोग करें। मच्छरदानी का प्रयोग करें तथा बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर चिकित्सक से परामर्श लें। उन्होंने बताया कि मलेरिया की जांच जनपद के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, जिला अस्पताल एवं जन आरोग्य मंदिरों में निःशुल्क उपलब्ध है तथा इसका उपचार भी पूरी तरह निःशुल्क किया जाता है। गौतमबुद्धनगर।












