एटा में किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान: परिवार फंक्शन में गया था, लौटे तो घर में लटका मिला शव
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। शहर के किदवई नगर में शुक्रवार देर रात एक 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान शब्वन की पुत्री इलमा के रूप में हुई है। घटना के समय परिजन घर पर मौजूद नहीं थे। वे पास के ही ताऊ के घर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब दस बजे जब परिवार के सदस्य घर लौटे, तो इलमा का शव कमरे के अंदर दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर कोतवाली नगर पुलिस, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतका के भाई फूल मियां ने बताया कि घर में उस वक्त कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने किसी तरह के विवाद या तनाव से इनकार करते हुए कहा कि आत्महत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
कोतवाली नगर थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












