एटा में चला विशेष यातायात जागरूकता अभियान: 138 वाहनों का चालान, ₹1.63 लाख समन शुल्क वसूला।
संवादाता अमन अहमद।
एटा में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने 138 वाहनों का चालान करते हुए ₹1,63,000 का समन शुल्क वसूल कर राजकोष में जमा कराया। अभियान का उद्देश्य सड़क हादसों को रोकना और लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना रहा।क्षेत्राधिकारी सिटी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सैनिक पड़ाव, अलीगंज चुंगी, माया पैलेस, हाथी गेट और किसाड़ी जैसे प्रमुख स्थानों पर वाहन चालकों को नियमों की जानकारी दी। हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने वाले चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया, जबकि बिना सुरक्षा उपकरणों के चलने वालों को चेतावनी दी गई। ट्रैफिक पुलिस ने अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म, तेज हॉर्न, ओवरस्पीडिंग और नाबालिग चालकों पर विशेष कार्रवाई की। वहीं, ड्रिंक एंड ड्राइव, तीन सवारी और नो पार्किंग जैसे उल्लंघनों पर सख्ती बरती गई।गांधी स्मारक विद्यालय में छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और पैम्फलेट वितरित कर जागरूक किया गया। ट्रेवल्स बस चालकों को कोहरे के दौरान फॉग लाइट लगाने की अपील की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देश पर पूरे नवंबर माह में यह अभियान जारी रहेगा। यातायात प्रभारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि यह पहल सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और एटा को “नियमों का पालन करने वाला शहर” बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।












