पराली के ढेर में लगी भीषण आग, किसानों का भारी नुकसान
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, राजस्व टीम मौके पर पहुँची
एटा। जनपद के जलेसर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला तिरखा में मंगलवार देर शाम अज्ञात कारणों से पराली के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही गाँव में अफरा-तफरी मच गई। खेतों में रखे पराली और सूखे चारे ने आग को पलभर में भड़का दिया, जिससे देखते ही देखते कई किसानों का सारा चारा और भूसा जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज़ हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। तत्काल सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि कुछ देर के लिए आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान सुरक्षित स्थानों की ओर भाग खड़े हुए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर फायर ब्रिगेड समय पर न पहुँचती, तो पास के खेतों में खड़ी फसल और कई घर भी आग की चपेट में आ सकते थे। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम भी गाँव में पहुँची और नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में कई क्विंटल चारा, पराली और भूसा जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है, जिससे किसानों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़े इस गहरे असर को कुछ हद तक संभाला जा सके।












