भनऊ मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण में सुविधा शुल्क मांगने का आरोप
संवाददाता: पंकज मिश्रा, मैनपुरी
भोगांव विकास खंड के भनऊ मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान वृक्षों के पातन (कटान) को लेकर सुविधा शुल्क मांगने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित ग्रामीण ने इस संबंध में जिलाधिकारी (डीएम) मैनपुरी को प्रार्थनापत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण में बाधक पेड़ों को हटाने के नाम पर संबंधित विभाग के कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से धनराशि की मांग की जा रही है। बिना सुविधा शुल्क दिए कार्य आगे न बढ़ाने की बात कही जा रही है, जिससे ग्रामीणों में नाराज़गी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण सरकारी परियोजना है, ऐसे में पेड़ों के पातन व भूमि से संबंधित कार्य सरकारी नियमों के अंतर्गत बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के संपन्न होने चाहिए। अवैध वसूली से विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी द्वारा मामले की जांच शुरू करने के निर्देश दिए जाने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में विकास कार्य निष्पक्ष रूप से संचालित हो सकें












