फर्जी नियुक्ति का रिकॉर्ड गायब, बीएसए दीपिका गुप्ता ने कराया मुकदमा दर्ज
संवाददाता: पंकज मिश्रा, मैनपुरी
मैनपुरी जनपद के ब्लॉक बेवर अंतर्गत ग्राम पंचायत पदमनेर में शिक्षा मित्र की नियुक्ति में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना वैध प्रस्ताव के फर्जी तरीके से नियुक्ति दिखाकर एक व्यक्ति नौकरी कर रहा था। इस मामले की शिकायत बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) दीपिका गुप्ता से की गई। शिकायत के बाद बीएसए ने नियुक्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच हेतु संबंधित बाबू को रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। लेकिन जांच के दौरान कार्यालय से शिक्षा मित्र की नियुक्ति संबंधी मूल रिकॉर्ड ही नहीं मिला। रिकॉर्ड गायब होने पर मामला संदिग्ध मानते हुए बीएसए दीपिका गुप्ता ने थाना कोतवाली मैनपुरी में मुकदमा दर्ज कराया।
शिक्षा विभाग का मानना है कि रिकॉर्ड गायब होना फर्जी नियुक्ति को छुपाने का प्रयास हो सकता है। प्रकरण के सामने आने के बाद विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने भी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












