भूमि कब्ज़ा विवाद को लेकर डीएम कार्यालय पर ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज। पटियाली तहसील के ग्राम पंचायत बरौना में पुश्तैनी भूमि पर अवैध कब्ज़ा करने के प्रयास के विरोध में शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। महिलाओं और पुरुषों सहित भारी भीड़ ने एकजुट होकर डीएम को शिकायत पत्र सौंपा और पीड़ित धर्मेंद्र सिंह के मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि धर्मेंद्र सिंह की पैतृक भूमि पर प्रभावशाली दबंग तत्व जबरन कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें न सिर्फ धमकाया जा रहा है, बल्कि फर्जी मुकदमों में फँसाने की भी धमकी दी जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। मौके पर समाजवादी पार्टी कासगंज के जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह यादव भी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों का समर्थन करते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी हमेशा पीड़ितों के साथ खड़ी है। किसी भी कीमत पर अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।” उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर पीड़ित को सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे व्यापक आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच किए जाने का आश्वासन दिया है।












