कुरावली में ढोल-नगाड़ों के साथ जागरूकता रैली, 1 दिसंबर से शुरू होगी बिजली बिल राहत योजना
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
कुरावली। प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की जा रही बिजली बिल राहत योजना को लेकर कुरावली में जागरूकता अभियान तेज हो गया है। 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक चलने वाली इस योजना का सीधा लाभ घरेलू एवं छोटे व्यावसायिक उपभोक्ताओं को मिलेगा। इसी क्रम में कुरावली विद्युत उपखंड अधिकारी (एसडीओ) पीयूष शुक्ला ने विद्युत कर्मियों के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच कस्बे में रैली निकालकर उपभोक्ताओं को योजना के बारे में जागरूक किया। रैली के दौरान एसडीओ पीयूष शुक्ला ने नागरिकों को बताया कि सरकार ने पहली बार 100 प्रतिशत ब्याज एवं सरचार्ज माफी के साथ मूल धन में भी 25 प्रतिशत की छूट देने का प्रावधान किया है। योजना का लाभ दो किलोवाट तक के छोटे घरेलू उपभोक्ताओं और एक किलोवाट तक के व्यावसायिक उपभोक्ताओं को मिलेगा। इससे बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिलों के बोझ से राहत मिलेगी। एसडीओ ने आगे कहा कि सरकार आम जनता के हित को सर्वोपरि रखते हुए यह व्यापक राहत योजना लेकर आई है। इसमें आसान किस्तों की सुविधा दी गई है, साथ ही बढ़े हुए बिलों को औसत खपत के आधार पर स्वचालित रूप से समायोजित किया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं के नाम पर अनाधिकृत बिजली उपयोग से जुड़े मामले चल रहे थे, उन्हें भी इस योजना से राहत मिलेगी। योजना के तहत ऐसे प्रकरणों में चल रहे मुकदमों का निस्तारण किया जाएगा, जिससे परिवारों को लंबी कानूनी प्रक्रियाओं से मुक्ति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि योजना में पंजीकरण सरकार की वेबसाइट पर ऑनलाइन (www.uppcl.org) या स्थानीय बिजली कार्यालय में जाकर कराया जा सकता है। उपभोक्ताओं को सभी जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया है।
रैली में विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।












