एटा में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी में शामिल होने जा रहे बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत, परिवार में कोहराम।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम हुआ सड़क हादसा एक परिवार के लिए गहरा दुख लेकर आया। जानकारी के अनुसार, 56 वर्षीय रफीक पुत्र जुम्मन, निवासी कहरला थाना जलेसर, अपने रिश्तेदारों के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए सिकंदराराऊ से औंछा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बावली के समीप पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रफीक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल रफीक को एंबुलेंस से वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन थोड़ी देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। देर रात मृतक के परिजन मॉर्च्युरी पहुंचे और शव की पहचान की। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बेटे इकरार ने बताया कि उनके पिता खुशी के मौके पर शामिल होने जा रहे थे, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने उनका पूरा परिवार उजाड़ दिया।
उधर पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके। मामले की जांच जारी है।












