एटा में यातायात माह का सफल समापन: स्कूलों से सड़कों तक चला जागरूकता का व्यापक अभियान
संवाददाता: धर्मेंद्र चौहान
एटा। नवंबर माह में आयोजित व्यापक यातायात जागरूकता माह का समापन बुधवार को लोकमन दास स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ। समापन समारोह में वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की बारीकियों से अवगत कराया। विद्यालय प्रशासन ने मुख्य विकास अधिकारी नागेंद्र नारायण मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्यामनारायण सिंह का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। एसएसपी श्यामनारायण सिंह ने बताया कि पूरे माह जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात पुलिस द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। नुक्कड़ नाटकों, पंपलेट वितरण और जनसंवादों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। अभियान की गतिविधियाँ मुख्य मार्गों, कस्बों, स्कूलों, बाजारों और बस अड्डों पर लगातार जारी रहीं।अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई भी की गई। लाखों रुपये के चालान जारी किए गए तथा समन शुल्क की वसूली कर राजकोष में जमा कराई गई। एसएसपी ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
मुख्य विकास अधिकारी नागेंद्र नारायण मिश्रा सहित अपर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह, क्षेत्राधिकारी संकल्पदीप कुशवाह और अन्य अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी ने बच्चों को सड़क सुरक्षा से जुड़े अनिवार्य नियमों को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।












