सिकंद्राराऊ में दर्दनाक सड़क हादसा: बहन के घर जा रहे युवक की मौत, एक अन्य घायल
सावंददाता – अश्वनी कुमार
सिकंद्राराऊ (हाथरस)। कासगंज रोड पर बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कासगंज निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार खुली बॉडी के कैंटर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान कासगंज के मोहनी निवासी 20 वर्षीय आकाश पुत्र राजेश्वर के रूप में हुई है। आकाश बुधवार रात अपनी बाइक से सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव तामसी स्थित अपनी बहन के घर जा रहा था। इसी दौरान सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र में कासगंज रोड पर सामने से आ रहे कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश और उसके साथी दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ के लिए रेफर किया गया। हालांकि, आकाश ने अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि आकाश अविवाहित था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक जाम की स्थिति भी देखी। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी हुई है।












