मिशन शक्ति के तहत बरेली पुलिस का बड़ा अभियान
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले 73 शराबी गिरफ्तार
बरेली।
शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चल रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत बरेली पुलिस ने रविवार रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना बहेड़ी और थाना प्रेमनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे 73 लोगों को गिरफ्तार किया। रात के समय चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कई स्थानों पर अचानक छापा मारकर खुलेआम शराब पीने वालों को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का कृत्य समाज में गलत संदेश देता है और महिलाओं व आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। गिरफ्तार किए गए सभी शराबियों को थाने लाकर उनके खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने एवं शांति भंग करने की धाराओं में कार्रवाई की गई। साथ ही भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई। पुलिस ने इस अभियान के दौरान पकड़े गए लोगों की फोटो भी खिंचवाई, ताकि समाज में एक चेतावनी का संदेश जाए और अन्य लोग भी इस तरह के कृत्यों से बचें। अधिकारियों ने साफ कहा है कि जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।












