मिड-डे मील घोटाला: चावल बेचने के आरोप में प्रधानाध्यापक निलंबित
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा शीतलपुर ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय गाजीपुर पहोर में मिड-डे मील (MDM) के चावल की बिक्री का मामला सामने आने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) दिनेश कुमार ने विद्यालय की प्रधानाध्यापक अल्का राठौर को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि विद्यालय में बच्चों के लिए आने वाले मिड-डे मील के चावल को चोरी-छिपे बेचा जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एबीएसए (ABSA) मौके पर पहुंचे और चावल बेचते समय उसे जब्त कर लिया। इस घटना के बाद मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई थी। प्रारंभिक जांच के बाद बीएसए दिनेश कुमार की ओर से प्रधानाध्यापक अल्का राठौर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। लेकिन उनके द्वारा दिया गया जवाब अधिकारियों को संतोषजनक नहीं लगा। इसके चलते बीएसए ने विभागीय नियमों के तहत उन्हें निलंबित करने की कार्रवाई कर दी। इस मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सूचना न दी जाती, तो बच्चों के हक का राशन इसी तरह बिकता रहता। विभाग द्वारा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी उजागर की जा सके।
फिलहाल विभाग की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि बच्चों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












