अफवाहों पर लगा विराम: गाजियाबाद में अवैध पेठ बाजार नहीं लगेगा, व्यापारियों में खुशी
संवाददाता: पवन सूर्यवंशी. गाजियाबाद में साप्ताहिक संडे बाजार को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर शासन-प्रशासन ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए विराम लगा दिया है। प्रशासन ने साफ किया है कि शहर के बीच किसी भी प्रकार का अवैध पेठ बाजार रविवार को नहीं लगने दिया जाएगा।
बताया गया कि बीते दो दिनों से कुछ लोगों द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा था कि प्रशासन ने पेठ बाजार लगाने की अनुमति दे दी है, जबकि यह दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है। नगर निगम की जनसुनवाई में संबंधित लोगों द्वारा केवल एक ज्ञापन दिया गया था, जिस पर कोई आदेश पारित नहीं हुआ है।
इस संबंध में महापौर श्रीमती सुनीता दयाल, विधायक श्री संजीव शर्मा, नगर आयुक्त श्री विक्रमादित्य मलिक एवं क्षेत्रीय पार्षद श्री राजीव शर्मा ने व्यापारियों को फोन के माध्यम से अवगत कराया कि शहर में न तो अवैध पेठ बाजार लगेगा और न ही किसी प्रकार का अतिक्रमण होने दिया जाएगा। इस स्पष्टता के बाद स्थायी व्यापारियों में खुशी की लहर देखी गई।
वहीं, व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सिटी जोन प्रभारी नगर निगम श्री आर.पी. सिंह से मुलाकात कर विषय पर चर्चा की। श्री सिंह ने भी स्पष्ट किया कि अवैध पेठ बाजार किसी भी सूरत में नहीं लगने दिया जाएगा।
इसके उपरांत व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी पुलिस प्रशासन, गाजियाबाद से भी मुलाकात की, जिसमें नगर निगम जोनल प्रभारी श्री आर.पी. सिंह भी मौजूद रहे। प्रशासन की सख्ती और स्पष्ट निर्देशों से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।
ये भी पढ़ें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का प्रथम गाज़ियाबाद आगमन












