मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी दिवस–2026 की तैयारियों की समीक्षा की

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी दिवस–2026 की तैयारियों की समीक्षा की

संवाददाता: पवन सूर्यवंशी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने गुरुवार शाम यूपी दिवस–2026 की तैयारियों की प्रगति को लेकर उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यूपी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और सामर्थ्य को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 24 से 26 जनवरी 2026 तक प्रदेश के सभी जनपदों, देश के सभी राजभवनों तथा विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों में यूपी दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर यूपी दिवस–2026 का मुख्य समारोह आयोजित होगा।

प्रदेश की ऐतिहासिक एवं वैचारिक विरासत को जनमानस से जोड़ने के उद्देश्य से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी, ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभभाई पटेल, वंदे मातरम्–आनंद मठ तथा पुण्य श्लोका अहिल्याबाई होल्कर से जुड़े नाट्य मंचनों का आयोजन किया जाएगा।

भारतेंदु नाट्य अकादमी द्वारा वंदे मातरम् रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आनंद मठ आधारित विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यूपी दिवस–2026 के अवसर पर देश-विदेश में बसे प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों से संवाद स्थापित किया जाए। राजभवनों एवं भारतीय दूतावासों में माननीय मंत्रीगण की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हों। वहीं जनपद स्तर पर उद्यमी, किसान, खिलाड़ी, वैज्ञानिक, महिलाएं एवं अन्य उत्कृष्ट नागरिकों को ‘यूपी गौरव’ सहित विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जाए।

यूपी दिवस–2026 को जनउत्सव का स्वरूप देते हुए सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, नाट्य मंचन, लोक-संगीत, ओडीओपी प्रदर्शनी, ओपन माइक, नुक्कड़ नाटक, आधुनिक तकनीक आधारित 3-D, VR, 360° टूर, लघु फिल्में, क्विज प्रतियोगिताएं एवं छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी।

‘विकसित यूपी–विकसित भारत’ थीम पर आधारित यह आयोजन युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त करेगा।


ये भी पढ़ें प्रशासन द्वारा 13.5 हेक्टेयर जमीन को ध्वस्त कर मुक्त कराया गया

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें