हसायन में नाबालिग से छेड़छाड़, खेत में खींचने का प्रयास
संवाददाता – अश्वनी कुमार जिला – हाथरस
हाथरस जनपद के हसायन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग युवती से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही एक युवक पर जबरन हाथ पकड़ने, खेत में खींचने का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में युवती की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार घटना सोमवार 5 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 11:30 बजे की है। वह अपने घर से खेत की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में गांव का ही एक युवक उसका रास्ता रोककर खड़ा हो गया। आरोप है कि युवक ने अचानक उसका हाथ पकड़ लिया और जबरन सरसों के खेत में खींचने की कोशिश की।
युवती ने विरोध किया तो आरोपी और आक्रामक हो गया। किसी तरह पीड़िता ने अपना हाथ छुड़ाया और मौके से भागकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि भागते समय युवक ने उसे धमकी दी कि यदि उसने इस घटना के बारे में घर या किसी अन्य को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। पीड़िता ने अपनी तहरीर में बताया कि आरोपी से उसे और उसके परिवार को जानमाल का खतरा है। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में कार्यवाहक कोतवाली थाना प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक एस.एस.आई. आदेशपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












