अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
जिला संवाददाता काव्यांश रावत

एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत गांव नगला किसी के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने गांव कमसान से एटा की ओर जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर बेसुध हो गए।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने दुर्घटना को देखा हो या वाहन के संबंध में कोई जानकारी हो, तो पुलिस को सूचित करें।












