आज कचहरी रोड पर खूनी बवाल, दो पक्षों में जमकर पथराव और मारपीट
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा जनपद के कचहरी रोड पर उस समय हड़कंप मच गया जब दो पक्षों के बीच अचानक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे और फिर मामला ईंट-पत्थरों के हमले तक पहुंच गया।
सरेआम हुई इस हिंसक झड़प से कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वकील, फरियादी और आम लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ देर के लिए कचहरी रोड पर आवागमन भी प्रभावित हो गया।
इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर ईंटें फेंकते और बेरहमी से मारपीट करते साफ देखा जा सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की तैयारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कचहरी जैसे संवेदनशील इलाके में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।












