जिलाधिकारी महोदय श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने किया तलहेटा, एनएचएआई का निरीक्षण, दिये आवश्यक दिशा—निर्देश
संवाददाता पवन सूर्यवंशी एनसीआर
दिनांक: 16/02/2026 सम्बंधित किसानों को मुआवजा मिलने के बाद ही लिया जाये जमीन पर कब्जा: जिलाधिकारी महोदय श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ गाजियाबाद। गाजियाबाद जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ द्वारा जनसुनवाई में किसानों से प्राप्त शिकायत के क्रम में, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सड़क किनारे किसानों की भूमि से मिट्टी उठाए जाने तथा उसके समुचित भराव न कराए जाने की बात कही गई थी, आज तलहेटा गांव स्थित दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे (फेज-5) का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी महोदय ने पूर्व में ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रबंधक को निर्देशित किया था कि यदि किसानों की भूमि से मिट्टी उठाई गई है तो उसकी गुणवत्ता पूर्ण भरपाई सुनिश्चित की जाए, अन्यथा संबंधित प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एनएचएआई द्वारा संबंधित स्थलों पर मिट्टी का भराव कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी महोदय ने मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी अन्य समस्याओं की जानकारी ली। किसानों द्वारा गांव की पैमाइश कराए जाने तथा मुआवजा प्राप्त होने के पश्चात ही भूमि अधिग्रहण किए जाने की मांग रखी गई। इसके अतिरिक्त किसानों ने अन्य मांगें भी जिलाधिकारी महोदय के समक्ष प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को विधिवत मुआवजा प्रदान किए बिना उनकी भूमि पर कब्जा न लिया जाए।उन्होंने आश्वस्त किया कि नियमानुसार गांव की पैमाइश कराई जाएगी। साथ ही किसानों की अन्य मांगों के संबंध में एनएचएआई के प्रबंधक एवं अभियंताओं से वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने मोटरसाइकिल से भी सड़क एवं आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।












