दो वर्ष पूर्व बनी पानी की टंकी से अब तक नहीं शुरू हुई सप्लाई, ग्रामीणों में आक्रोश
दैनिक चक्र, प्रयागराज संवाददाता विकास खंड सोरांव के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर नौगवां में केंद्र व प्रदेश सरकार की जल शक्ति मिशन योजना के तहत निर्मित पानी की टंकी से आज तक जलापूर्ति प्रारंभ नहीं हो सकी है। लगभग दो वर्ष पूर्व तैयार हुई इस टंकी का निर्माण कार्य तो पूर्ण कर लिया गया, लेकिन ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदारों एवं संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के कारण न तो घर-घर कनेक्शन किए गए और न ही नियमित जल सप्लाई शुरू की गई। शुद्ध पेयजल के अभाव में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टाल रहे हैं।
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि भीषण गर्मी में हैंडपंप भी जवाब दे देते हैं, जिससे पानी की समस्या और विकराल रूप ले लेती है। करोड़ों रुपये की लागत से संचालित योजना का लाभ आमजन तक न पहुंच पाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव के निवासी मोहम्मद रिजवान (सैफ खान), एडवोकेट द्वारा उच्चाधिकारियों एवं माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को लिखित प्रार्थना पत्र देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अविलंब जलापूर्ति प्रारंभ कर गांव को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
ये भी पढ़ें राज्य में सेवाओं के अधिकार के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्यशाला आयोजित कार्यक्रम












