कोर्ट परिसर में हंगामा, पेशी पर आए कैदी के साथ मारपीट का आरोप
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ
जिला न्यायालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पेशी पर आए एक कैदी के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि पेशी के बाद लॉकअप में लाए गए कैदी को गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद उसके चेहरे से खून बहने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही कैदी के परिजन मौके पर पहुंच गए और न्यायालय परिसर में विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के साथ गुत्थमगुत्थी भी हो गई, जिससे कुछ देर तक परिसर में तनाव का माहौल बन गया। हंगामे के बीच पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए घायल कैदी को किसी तरह बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार घायल कैदी मो. हलीम पिछले लगभग 10 वर्षों से जिला जेल में निरुद्ध है और आज उसे पेशी के लिए न्यायालय लाया गया था। यह पूरा मामला न्यायालय परिसर के गेट नंबर 3 के पास का बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।












