उज्जैन में आश्रम हड़पने की साजिश का खुलासा, साध्वी समेत दो के खिलाफ केस दर्ज
संवाददाता: संतोष यादव, उज्जैन
उज्जैन में महामंडलेश्वर स्वामी शांति स्वरूपानंद गिरी के आश्रम को हड़पने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। इस मामले में महाकाल थाना पुलिस ने एक साध्वी सहित दो लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, स्वामी शांति स्वरूपानंद गिरी के आश्रम को अपने कब्जे में लेने के उद्देश्य से कुछ लोगों द्वारा साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद महाकाल थाना पुलिस ने जांच करते हुए एक साध्वी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए महामंडलेश्वर स्वामी शांति स्वरूपानंद गिरी ने कहा कि वह इस घटनाक्रम से बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा, “हम तो भगवान का नाम लेने निकले थे, लेकिन हमारे आश्रम को हड़पने के लिए जो षड्यंत्र रचा जा रहा है, उससे मैं काफी घबरा गया हूं। यह सब साधु-संतों की छवि खराब करने की कोशिश है।”
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2028 में होने वाले धार्मिक आयोजनों और साधु-संतों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए भी इस तरह की साजिश रची जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












