करहल चौराहे पर नाले में मिला अज्ञात युवक का शव, 2-3 दिन पुराना होने की आशंका
संवाददाता पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद के करहल चौराहे के पास उस समय सनसनी फैल गई जब एक नाले में युवक का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने नाले से तेज बदबू आने पर इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद नाले से शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके चलते उसमें सड़न शुरू हो गई थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है, ताकि जल्द से जल्द युवक की पहचान हो सके।












