एटा में अलविदा जुमे से पहले सुरक्षा कड़ी, अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती की चेतावनी
संवादाता अमन अहमद।
एटा में अलविदा जुमे की नमाज और नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्याम नारायण सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मस्जिदों और प्रमुख स्थानों के आसपास पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को लगातार पैदल गश्त करने और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता से शांति और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। एसएसपी ने बताया कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और ईद का त्योहार नजदीक है, ऐसे में यह आखिरी जुमा बेहद अहम है। इसी को देखते हुए पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है। एसएसपी ने साफ चेतावनी दी कि भ्रामक खबरें या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।












