यूपी में ईद पर सियासी रंग लखनऊ ईदगाह पहुंचे अखिलेश
स्टेट ब्यूरो चीफ़ विष्णु रावत





लखनऊ में आज ईद का त्योहार उत्साह और अलग-अलग घटनाक्रमों के बीच मनाया गया। राजधानी लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव नमाज के बाद लोगों को मुबारकबाद देने पहुंचे। इस दौरान उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति बेकाबू होती नजर आई। नमाज के बाद युवाओं ने अखिलेश यादव के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। वहीं, पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी मौके पर पहुंचे और लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अलग-अलग दलों के नेता एक मंच पर नजर आए, जिससे कार्यक्रम में सियासी रंग भी देखने को मिला। ईदगाह से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ब्राह्मणों के अपमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राजधानी में सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है। साथ ही उन्होंने आगामी 2027 चुनावों का जिक्र करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और कानून व्यवस्था कमजोर हो चुकी है। उन्होंने वाराणसी और गोरखपुर की घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। वहीं दूसरी ओर, बाराबंकी में ईद का त्योहार सामान्य तरीके से नहीं मनाया गया। ईरान पर हुए हमले के विरोध में कुछ स्थानों पर लोगों ने ईद नहीं मनाई और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला। प्रदेश में एक ओर जहां ईद की खुशियां मनाई गईं, वहीं दूसरी ओर सियासी बयानबाजी और विरोध प्रदर्शनों ने माहौल को चर्चा का विषय बना दिया।












