एटा: देर रात पिलुआ थाने का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर एएसपी ने दिए सख्त निर्देश
संवादाता अमन अहमद।
एटा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्वेताभ पाण्डेय ने रविवार देर रात थाना पिलुआ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाहा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एएसपी ने थाना परिसर की समग्र व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली को परखा। उन्होंने अभिलेख प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा करते हुए रजिस्टरों के रखरखाव और अपडेटिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा मालखाना, शस्त्रागार और हवालात का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का आकलन किया। एएसपी ने महिला सहायता डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा वहां आने वाली महिलाओं की समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण पर जोर दिया। सीसीटीएनएस और कंप्यूटर कक्ष का परीक्षण करते हुए उन्होंने डिजिटल कार्यप्रणाली को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आगंतुक रजिस्टर की नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने और थाना परिसर व शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के अंत में एएसपी श्वेताभ पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार ही संपन्न हों।













