जनपद एटा में सड़क हादसे पर बवाल: घायल की मौत के बाद जाम, मामले में नया मोड़ आया

जनपद एटा में सड़क हादसे पर बवाल: घायल की मौत के बाद जाम, मामले में नया मोड़ आया

संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा। जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत वाहनपुर गांव में हुए सड़क हादसे ने नया मोड़ ले लिया है। हादसे में घायल मेघ सिंह की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व मेघ सिंह को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद लगभग आधे घंटे में जाम खुलवाया जा सका। इसी बीच मामले में नया मोड़ तब आया जब जिस कार पर हादसे का आरोप लगाया गया था, उसके मालिक ने घटना से इनकार कर दिया। सीओ सिटी कृतिका सिंह ने बताया कि वाहन स्वामी द्वारा भी प्रार्थना पत्र दिया गया है, जिसमें घटना से इंकार किया गया है। वहीं वाहन स्वामिनी, जो कि एक शिक्षिका हैं, का कहना है कि घटना वाले दिन न तो वह विद्यालय गई थीं और न ही उनकी गाड़ी कहीं बाहर निकली।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें