जनपद एटा श्री सीमेंट फैक्ट्री से गार्डर चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
संवाददाता योगेन्द्र सिंह 
एटा जनपद के मलावन थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। श्री सीमेंट फैक्ट्री से लोहे के गार्डर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिशंकर के रूप में हुई है, जिसे मुखबिर की सूचना पर करतला रोड से दबोचा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 5 लोहे के गार्डर और एक इको कार बरामद की गई है, जिसका उपयोग वारदात में किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फैक्ट्री से गार्डर चोरी करने की बात स्वीकार की है। उसने यह भी बताया कि चोरी किए गए सामान को बेचने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।












