तेज रफ्तार डंपर का कहर: पिता की मौत, बेटा समेत दो गंभीर घायल, हाईवे पर ग्रामीणों का हंगामा
संवाददाता-अश्वनी कुमार जिला-हाथरस

हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चमरौली गांव के पास सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजापुर निवासी 35 वर्षीय मोनू यादव अपने 10 वर्षीय पुत्र अमोल यादव और 36 वर्षीय गंगासिंह यादव के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। चमरौली गांव के पास मंदिर के निकट गंगासिंह को उतारने के लिए जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने तीनों को रौंद दिया।हादसे में मोनू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अमोल और गंगासिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आक्रोशित होकर मृतक का शव नेशनल हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। महिलाओं सहित ग्रामीणों ने मौके पर ही तंबू लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मुख्य मांग चमरौली-रजापुर मार्ग पर हाईवे के पास अंडरपास निर्माण की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर लंबे समय से अंडरपास की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते इस तरह के हादसे बार-बार हो रहे हैं। सूचना मिलने पर सीओ, एसडीएम संजय कुमार, कोतवाली पुलिस, आसपास के थानों की फोर्स और पीएसी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के बीच काफी देर तक तीखी बहस और हंगामा चलता रहा।












