“बेरला में जुए पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: खेत में चल रहा ‘कट-पत्ती’ अड्डा ध्वस्त, 3 जुआरी गिरफ्तार!”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा, 02 मई 2026। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। रामकृष्ण साहू के निर्देशन में बेमेतरा पुलिस ने थाना बेरला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तारालीम भर्री खार के खेत में कुछ लोग रूपये-पैसे का दांव लगाकर ‘कट-पत्ती’ जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना बेरला पुलिस टीम ने तत्काल रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन तीन जुआरी पकड़ में आ गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप बघेल (33 वर्ष), धनेश पाल (30 वर्ष) और प्रदीप कौशिक (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 710 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजकुमार साहू सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।












