किराना व्यापारी से छीनेती करने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
संवाददाता रोहित कुमार
इटावा जनपद के भरथना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए किराना व्यापारी से छीनेती की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान विश्वनाथ और ऋतिक के रूप में हुई है। थाना भरथना पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, चार खोखा, छह जिंदा कारतूस, 53,700 रुपये की नगदी तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में बदमाशों ने हाल ही में क्षेत्र में हुई किराना व्यापारी से छीनेती की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इलाके में इस कार्रवाई के बाद व्यापारियों और आम जनता ने राहत की सांस ली है।












