जमीन विवाद में मारपीट का आरोप, पीड़ित ने थाना प्रभारी पर लगाया लापरवाही का आरोप, एसएसपी से की शिकायत
संवादाता अमन अहमद: एटा। जिले के मारहरा थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव में जमीन विवाद के चलते दो पक्षों के बीच विवाद गहरा गया है। पीड़ित तोताराम और उनकी पत्नी उर्मिला देवी ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित का आरोप है कि गांव के सुखवीर, मनीराम, सतीश और नेत्रपाल ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
तोताराम का कहना है कि उन्होंने मारहरा थाने में घटना की सूचना दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उन्होंने थाना प्रभारी केके लोधी पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं थाना प्रभारी केके लोधी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह मामला जमीन के बैनामे से जुड़ा है। पीड़ित ने स्वयं आरोपियों के नाम जमीन का बैनामा किया था, और अब आरोपी पक्ष वैधानिक तरीके से कब्जा लेना चाह रहा है। यह विवाद राजस्व विभाग से संबंधित है, पुलिस इसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकती।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है और संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें शादीशुदा महिला 11 साल छोटे प्रेमी संग पकड़ी गई, पति ने कर दी दोनों की शादी”












