एटा में अवैध खनन पर तहसील प्रशासन का बड़ा एक्शन, दो रीपर मशीनें और ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जनपद में जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन की टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध खनन में प्रयुक्त दो रीपर मशीनों और एक मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार सकीट थाना क्षेत्र के गड़िया यादगारपुर गांव में अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना पर तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। यहां एक मिट्टी से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक रीपर मशीन पकड़ी गई। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। वहीं रिजोर थाना क्षेत्र के ग्राम जिसुखपुर उर्फ नगला में भी प्रशासन ने छापेमारी करते हुए अवैध खनन में लगी एक रीपर मशीन को कब्जे में लिया। तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय ने बताया कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।












