प्रयागराज में खुली रहीं दवा की दुकानें, व्यापारियों ने तथाकथित संगठन की बंदी को नकारा: प्रयाग केमिस्ट एसोसिएशन
संवाददाता आयुष मिश्र प्रयागराज। जनपद में प्रयाग केमिस्ट एसोसिएशन की अपील पर अधिकांश फुटकर दवा की दुकानें रोजमर्रा की तरह पूरी तरह खुली रहीं। व्यापारियों ने किसी तथाकथित संगठन द्वारा प्रस्तावित बंदी को पूरी तरह से नकारते हुए इसे मानवता के विरुद्ध और जनहित के विपरीत बताया।
बंदी के विरोध और बाज़ार की स्थिति को लेकर प्रयाग केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों की एक आवश्यक बैठक मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने स्थित ‘देव एंड संस’ पर आयोजित की गई। बैठक में पदाधिकारियों ने प्रत्येक दुकानदार से अपनी दुकानें खुली रखने का अनुरोध किया था, जिसके फलस्वरूप पूरा दवा बाज़ार खुला रहा और दूर-दराज से आने वाले मरीजों को निरंतर सेवाएं मिलती रहीं।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि तथाकथित संगठन द्वारा जबरन दुकानों पर बंदी के पोस्टर चस्पा कर दुकानें बंद कराने का लगातार दबाव बनाया गया। लेकिन जब जागरूक व्यापारियों ने एकजुट होकर बंदी मानने से साफ़ इनकार कर दिया, तो अपनी नाकामी छुपाने के लिए संगठन द्वारा यह दुष्प्रचार किया गया कि मेडिकल कॉलेज को बंदी से मुक्त रखा गया था।
दवा व्यापार सिर्फ धंधा नहीं, सेवा भाव है: लालू मित्तल
प्रयाग केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष लालू मित्तल ने व्यापारी साथियों के साथ मिलकर पूरे बाज़ार का भ्रमण किया। उन्होंने खुद दुकानों पर जाकर खुले प्रतिष्ठानों का जायजा लिया और संकट के समय दुकानें खुली रखने के लिए सभी दवा व्यवसायियों का आभार जताया। अध्यक्ष लालू मित्तल ने कहा कि दवा का व्यापार केवल मुनाफा कमाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर मानवता की सेवा से जुड़ा है। इस भीषण और विकट गर्मी में हमारे जनपद में कई अन्य जिलों और पड़ोसी प्रदेशों से भी गंभीर मरीज इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में यदि उन्हें समय पर दवा न मिले, तो यह मानवता को शर्मसार करने वाला और मरीजों के साथ बड़ा अन्याय होता।
औषधि प्रशासन ने भी जारी किया था पत्र
दवा बाज़ार को सुचारू रूप से चलाने के लिए औषधि प्रशासन ने भी पहले ही एक आधिकारिक पत्र जारी कर सभी दवा व्यवसायियों को अपने-अपने प्रतिष्ठान अनिवार्य रूप से खुले रखने के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने सख्त लहजे में आगाह किया था कि बंदी के नाम पर किसी भी व्यापारी के साथ जबरदस्ती या अनावश्यक दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि, इसके बावजूद कुछ जगहों पर शरारती तत्वों द्वारा दुकानदारों पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया, जिसे व्यापारियों की एकजुटता ने विफल कर दिया।

इन इलाकों में बेअसर रही बंदी जनपद के मुख्य बाजारों और अस्पतालों के सामने फुटकर दुकानें आम दिनों की तरह ही संचालित हुईं। कमला नेहरू अस्पताल, फीनिक्स अस्पताल, बाई का बाग, कीडगंज, करेली, अतरसुइया, गॉस नगर, मीरापुर, नैनी, झूंसी, जोशी, बेगम बाज़ार, मनोरी, फाफामऊ के साथ-साथ ग्रामीण व कस्बाई इलाकों जैसे कुंडा, लालगोपालगंज और भरवारी आदि अनेक क्षेत्रों में तथाकथित बंदी का कोई असर देखने को नहीं मिला।
बैठक में व्यापारियों का जताया आभार
‘देव एंड संस’ पर हुई समीक्षा बैठक में जनहित को सर्वोपरि रखते हुए बंदी का समर्थन न करने और अपनी दुकानें खोलने के लिए सभी व्यापारियों के प्रति धन्यवाद व आभार प्रकट किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से माखनलाल अग्रवाल, राजू यादव, नीरज यादव, चाचा गणेश मेडिकल, विनती मेडिकल, राहुल यादव, सुधीर, रवि, विनोद अभिमान, रामा मेडिकल्स, यादव केमिस्ट, छाया मेडिकल्स सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय दवा व्यवसायी और एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
(सूचना एवं प्रकाशन हेतु प्रेषित – लालू मित्तल, अध्यक्ष, प्रयाग केमिस्ट एसोसिएशन)
ये भी पढ़ें चौड़ीकरण के लापरवाही में घर ही उड़ा दिया












