चिकित्सीय परीक्षण के दौरान हंगामा, पुलिस वाहन से आरोपी को खींचने का प्रयास; 10-12 अज्ञात पर मुकदमा।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार अभियुक्त गुलजार अहमद के जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण के दौरान हंगामा होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, परीक्षण के बाद 10-12 अज्ञात लोगों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने, अभद्रता करने और अभियुक्त को पुलिस वाहन से बाहर खींचने का प्रयास किया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियुक्त का सुरक्षित चिकित्सीय परीक्षण कराया और बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि कानून व्यवस्था सामान्य है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पट्टी थाना में मुकदमा अपराध संख्या 209/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं — 190, 191(3), 131, 352, 351(3), 132 और 121(1) — के तहत 10-12 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी ।












