डिग्री कॉलेज की छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर किया शोषण:
संवाददाता – अश्वनी कुमार जिला – हाथरस
हाथरस में एक डिग्री कॉलेज की नाबालिग छात्रा के साथ सात महीने तक यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉलेज के एक सीनियर छात्र ने छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया, फिर उसकी अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। पीड़िता के पिता की शिकायत पर हाथरस गेट कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा से जुड़ा है, जो शहर के एक प्रतिष्ठित डिग्री कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही है। पीड़िता के पिता का आरोप है कि आरोपी छात्र वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनकी बेटी का लगातार शोषण करता रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने छात्रा और उसकी मां के नाम से दो फर्जी ई-मेल आईडी बनाई थीं और कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी इधर-उधर भेजे गए।
तहरीर में चार मोबाइल नंबरों का जिक्र
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में चार मोबाइल नंबर भी दर्ज कराए हैं। उनका आरोप है कि ये नंबर आरोपी से जुड़े लोगों के हैं। परिवार का दावा है कि आरोपी के मोबाइल फोन में कई अन्य लड़कियों के भी आपत्तिजनक वीडियो मौजूद हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह अन्य छात्राओं को भी अपना शिकार बना चुका है।
मामला खुलते ही आरोपी फरार
घटना सामने आने के बाद आरोपी छात्र फरार हो गया। परिजनों के अनुसार, जब पीड़िता का परिवार आरोपी के घर पहुंचा तो उसे मुकदमा दर्ज होने की भनक लग गई। इसके बाद वह शहर छोड़कर भाग निकला। बताया जा रहा है कि आरोपी के परिजनों ने भी उसके लापता होने की सूचना थाने में दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले से जुड़े मोबाइल नंबरों व डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।












