यूपी में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की तैयारी, 6 महीने के विस्तार पर मंथन
ब्यूरो चीफ़ विष्णु रावत
उत्तर प्रदेश की ग्राम पंचायतों को लेकर बड़ी प्रशासनिक तैयारी सामने आ रही है। राज्य सरकार ग्राम प्रधानों के कार्यकाल को छह महीने तक बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक इस संबंध में जल्द ही शासन स्तर से औपचारिक आदेश जारी किए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि पंचायत चुनावों की तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देखते हुए सरकार यह कदम उठा सकती है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो वर्तमान ग्राम प्रधान अपने पद पर अगले छह महीने तक कार्य करते रहेंगे।
ग्राम प्रधान ही बनाए जा सकते हैं प्रशासक जानकारी के अनुसार जिन ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है, वहां प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किए जाने की संभावना है। इससे पंचायतों में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
पंचायत चुनावों को लेकर चल रही तैयारी
प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर परिसीमन, मतदाता सूची और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर काम जारी है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक पंचायतों में निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया जा सकता है।
आदेश जारी होने का इंतजार
हालांकि अभी तक शासन की ओर से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रशासनिक हलकों में इस प्रस्ताव को लेकर चर्चा तेज है। ग्राम प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों की नजर अब सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है।












