छह दिन पुरानी टप्पेबाजी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार।
संवादाता अमन अहमद। एटा। जनपद में टप्पेबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब छह दिन पूर्व हुई टप्पेबाजी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित 64 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित तरीके से लोगों को झांसे में लेकर कीमती सामान हड़पने का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को ग्राम बछाकर थाना अवागढ़ निवासी एक महिला ने थाना कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 मई को वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम नगला कदम जा रही थी। रास्ते में कचहरी रोड पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे बातचीत में उलझा लिया और विश्वास में लेकर उसके कानों के कुंडल तथा अंगूठी उतरवा ली। महिला को ठगी का एहसास होने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन में थाना कोतवाली नगर पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सैनिक पड़ाव क्षेत्र से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजाराम पुत्र मोहनराय निवासी तिलक नगर थाना उत्तर जनपद फिरोजाबाद, अर्जुन पुत्र लालता प्रसाद निवासी खेरा मोहल्ला थाना उत्तर फिरोजाबाद तथा गुलाब भाई उर्फ गुलशन पुत्र लालू राघव निवासी शक्ति नगर थाना उत्तर फिरोजाबाद के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राजाराम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है और वह चोरी सहित अन्य मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस टीम अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और घटनाओं की जानकारी जुटाने में लगी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक एस.के. निगम, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील कुमार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ में पुलिस-जनप्रतिनिधि समन्वय गोष्ठी, कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा पर मंथन।












