प्रतापगढ़ में पुलिस-जनप्रतिनिधि समन्वय गोष्ठी, कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा पर मंथन।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
दीपक भूकर की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित साईं कॉम्प्लेक्स सभागार में मासिक समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार सहित जनपद के सांसद और विधायकगण के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
गोष्ठी का उद्देश्य पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना रहा। बैठक में जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और अपराध नियंत्रण की रणनीति पर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े सुरक्षा संबंधी सुझाव साझा किए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और शहर व कस्बों में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। वहीं महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित ‘मिशन शक्ति’ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसपी दीपक भूकर ने कहा कि जनप्रतिनिधि लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पुलिस-जनप्रतिनिधियों के बीच नियमित संवाद से कानून व्यवस्था मजबूत होती है तथा आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ती है।












