पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, परीक्षा केंद्र का निरीक्षण
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी प्रतापगढ़ बृजनन्दन राय एवं सी.आर.ओ. प्रतापगढ़ ने थाना क्षेत्र कोतवाली नगर स्थित श्री चन्द्रिकन इण्टरमीडिएट कॉलेज का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज, बैरिकेडिंग तथा पार्किंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। पुलिस कर्मियों को परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अवांछनीय स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। साथ ही सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया गया।प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
ये भी पढ़ें सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसील प्रशासन, पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे












