जेल से छूटे आरोपी ने फिर रचा खूनी खेल, दोहरी हत्या से दहला घोरेघाट

जेल से छूटे आरोपी ने फिर रचा खूनी खेल, दोहरी हत्या से दहला घोरेघाट

जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू

बेमेतरा जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोरेघाट में हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी भतीजी और भाभी पर बांस के डंडे से जानलेवा हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद दाढ़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम घोरेघाट निवासी नंदकुमार गंधर्व ने थाना दाढ़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 जून की शाम करीब 7 बजे वह गांव पहुंचा तो देखा कि हेमलाल आडिल अपनी भतीजी सकुंतला आडिल के साथ मारपीट कर रहा था। आरोपी ने बांस के डंडे से हमला कर उसे नाली में दबा रखा था। प्रत्यक्षदर्शी के शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो 18 वर्षीय सकुंतला आडिल और उसकी मां कुमारी बाई आडिल (50 वर्ष) खून से लथपथ मृत अवस्था में मिलीं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और हत्या का मामला दर्ज किया।

DIG के निर्देश पर बनी विशेष टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी भुषण एक्का एवं डीएसपी कौशिल्या साहू के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी दाढ़ी उप निरीक्षक राकेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी हेमलाल आडिल (45 वर्ष) ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण उसने दोनों महिलाओं पर बांस के डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।

पहले भी जा चुका है जेल

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्ष 2016 के एक मामले में दोषसिद्ध होकर लगभग 8 वर्ष तक जेल में रहा था। वर्ष 2024 में जेल से रिहा होने के बाद वह गांव लौटा था। अब दोहरे हत्याकांड में पुनः गिरफ्तार होकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदनू निरीक्षक दुलेश्वर चंद्रवंशी, थाना प्रभारी दाढ़ी उप निरीक्षक राकेश साहू, थाना प्रभारी नवागढ़ उप निरीक्षक भुनेश्वर यादव, एफएसएल टीम तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें