युवती की संदिग्ध मौत से संग्रामगढ़ पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। महेशगंज मियां का पुरवा, मसवन गांव में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद संग्रामगढ पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि यदि संग्रामगढ.श्रपुलिस ने समय रहते शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की होती, तो युवती की जान बचाई जा सकती थी।
परिजनों के अनुसार, युवती ने 5 जुलाई को संग्रामगढ़ थाने में शिकायत देकर गांव के एक युवक पर पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध बनाने, शादी का भरोसा देने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया था। शिकायत में यह भी कहा गया था कि बीते एक सप्ताह से आरोपी ने बातचीत बंद कर दी थी और फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
आरोप है कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केवल औपचारिक पूछताछ कर मामला शांत कर दिया और कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की। वहीं, जहानाबाद चौकी प्रभारी का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।












