तेज रफ्तार स्कूटी का विरोध करना पड़ा भारी, महिला और सुरक्षा कर्मी से मारपीट; लोनी बॉर्डर पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूटी चलाने का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि स्कूटी सवार युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुरक्षा कर्मी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को पीड़िता की शिकायत पर थाना लोनी बॉर्डर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।मुखबिर की सूचना पर 18 जुलाई 2026 को पुलिस ने हर्ष, साजिद, अंजली चौधरी और शालिनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी हर्ष ने स्वीकार किया कि महिला द्वारा तेज रफ्तार स्कूटी चलाने पर टोके जाने से वह नाराज हो गया था। इसके बाद वह अपने साथियों को बुलाकर महिला और उसके सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट कर मौके से फरार हो गया।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।पुलिस कमिश्नरेट का संदेश गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट लगातार कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।












